मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज शाहगंज में सोमवार को माध्यमिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नागेंद्र प्रसाद ने किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ऊंची कूद, लंबी कूद, चक्र प्रक्षेप, हैमर थ्रो और दौड़ की विभिन्न स्पर्धाएं कराई गईं। इसमें सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

400 मीटर सीनियर बालक वर्ग में जंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज शाहगंज के भावेश सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मां संबोधी देवी इंटर कॉलेज जोगिनी के मनीष द्वितीय रहे। 800 मीटर सीनियर बालिका वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज घोरावल की प्रतिमा प्रथम और जंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज शाहगंज की अंतिमा द्वितीय रहीं। 1500 मीटर सीनियर बालिका वर्ग में जंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज शाहगंज की विभा सिंह प्रथम तथा राजकीय इंटर कॉलेज मुडीलाडीह की प्रीति द्वितीय रहीं।

जूनियर बालक ऊंची कूद में जन सेवा इंटर कॉलेज फुलवारी के आदित्य प्रथम और पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के अजीत द्वितीय रहे। लंबी कूद बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज घोरावल के रामकृष्ण प्रथम तथा मां संबोधी इंटर कॉलेज जोगिनी के संजय कुमार द्वितीय रहे। बालिका वर्ग की लंबी कूद में जन सेवा इंटर कॉलेज की मीना प्रथम और विमला देवी इंटर कॉलेज गेदरी की सविता द्वितीय रहीं।

प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी बुधवार को सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी में आयोजित जनपदीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में व्यायाम शिक्षक अमित कुमार सिंह, सुशील कुमार मिश्रा, संजय सिंह, दयाराम यादव, अनिल कुमार मिश्रा, राहुल कुमार, नवीन कुमार बिंद, सत्यप्रकाश चौबे, राकेश कुमार और शैलेष उपाध्याय समेत दर्जनों व्यायाम शिक्षकों ने सहयोग किया।
