@जे0 के0….
— माही, हुस्नआरा, अंशु, उमेश और प्रेम कुमार बने व्यक्तिगत चैंपियन

Sonbhadra। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी एवं पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पूर्वांचल जोन की दो दिवसीय क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में पूर्वांचल क्षेत्र के करीब 14 विद्यालयों के उपकनिष्ठ, कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
वरिष्ठ बालिका वर्ग में माही पुत्री राजदेव ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीती। इसी वर्ग में हुस्नआरा पुत्री शमीम अंसारी ने 800, 1500 मीटर दौड़ और त्रिकूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

उपकनिष्ठ बालक वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के अंशु पुत्र गौरीशंकर ने 200, 400 और 600 मीटर में प्रथम स्थान हासिल कर व्यक्तिगत चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वरिष्ठ बालक वर्ग में उमेश कुमार ने 100, 200 मीटर और लंबी कूद, जबकि प्रेम कुमार ने 400 मीटर, 5000 मीटर और त्रिकूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की। आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के देवपुरोहित ने 200 और 400 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालयवार प्रदर्शन में सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी ने 18 प्रथम, 22 द्वितीय और 21 तृतीय स्थान हासिल किए। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी ने 18 प्रथम, 9 द्वितीय और 9 तृतीय, जबकि पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी ने 8 प्रथम, 3 द्वितीय और 5 तृतीय स्थान प्राप्त किए।

समापन समारोह में नगर पंचायत दुद्धी के अध्यक्ष मुख्य अतिथि रहे। विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दौड़ प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया, प्रधानाचार्य आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली ने निभाई। अभिलेख व्यवस्था में डॉ. अनिल कुमार प्रजापति, धनंजय कुमार, चंद्रप्रकाश, संजय कुमार एवं डॉ. अमर सिंह का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन डॉ. अमर सिंह ने किया।
अंत में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी को धन्यवाद दिया।