..मेरा गांव-जल सुरक्षित भविष्य’ के तहत पानी के संरक्षण और पेयजल स्रोतों को स्वच्छ रखने के महत्व की जानकारी दी

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की ओर से रॉबर्ट्सगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत मानपुर और बुड़हर कला में जल महोत्सव एवं जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, जल स्रोतों की स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जल वंदना के साथ हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। विशेष ग्राम सभा में ‘मेरा गांव-जल सुरक्षित भविष्य’ विषय पर चर्चा करते हुए पानी के संरक्षण और पेयजल स्रोतों को स्वच्छ रखने के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पानी की प्रत्येक बूंद बचाने और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के सहायक अभियंता पंकज कुमार ने कहा कि दो अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल को लेकर ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जल अर्पण केवल किसी पेयजल योजना का उद्घाटन भर नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के साथ उसकी व्यवस्था की जिम्मेदारी समुदाय से जोड़ने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल से सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। योजना की सफलता केवल पाइपलाइन और टंकी के निर्माण से नहीं होगी, बल्कि जल की गुणवत्ता बनाए रखने, पाइपलाइन एवं जल स्रोतों की देखभाल करने और पानी की बर्बादी रोकने में समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से जल को सुविधा के साथ जिम्मेदारी समझने और आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाने का आह्वान किया।

सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि “जल की रक्षा करेंगे, जल की बर्बादी रोकेंगे और अपने गांव की पेयजल व्यवस्था को मिलकर सुरक्षित रखेंगे।” उन्होंने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए विभागीय हेल्पलाइन की जानकारी भी दी। बताया कि जनपद की अन्य ग्राम पंचायतों में भी जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस मौके पर अवर अभियंता स्यान फारूक, लाल मोहम्मद, एनसीसी लिमिटेड के प्रतिनिधि एवं इंजीनियर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

