संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

स्वच्छता सिर्फ आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी जरूरत है। इसी संदेश के साथ विश्व शौचालय दिवस पर गुरुवार को म्योरपुर कस्बे के बिड़ला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिंडाल्को जनसेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कठपुतली नाटक और लोकगीतों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्वच्छता का महत्व समझाया गया। मनोरंजक प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को स्वच्छ शौचालय के नियमित इस्तेमाल, व्यक्तिगत साफ-सफाई और संक्रामक बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। खुले में शौच से फैलने वाले संक्रमण और जलस्रोतों के दूषित होने के खतरों को भी विस्तार से समझाया गया। बच्चों को बताया गया कि छोटी-छोटी स्वच्छता संबंधी सावधानियां अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

स्वच्छता कार्यकर्ता कनकलता ने कहा कि खुले में शौच करना डायरिया और दस्त जैसी बीमारियों को न्योता देना है। दूषित पानी और गंदगी का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्होंने सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करने, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा घरों में शौचालय बनवाकर उसका नियमित उपयोग करने की अपील की।

स्वच्छता की ली शपथ, दूसरों को जागरूक करने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

कार्यक्रम कनकलता की देखरेख में संपन्न हुआ। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दयाशंकर विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान संगीता देवी, गणेश जायसवाल, सुबलाल सिंह, विनय सिंह, श्रवण कुमार, मनोज यादव, अनिरुद्ध मिश्रा, मंजू कुमारी, आयुषी जायसवाल, मंगला प्रसाद हिंडालको मैनेजर सुभाषित, हिंडालको ट्रस्ट के अधिकारी व ग्रामीण और छात्र-छात्राएं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।