संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…
..सिंगल रोड पर ओवरलोड वाहनों की बढ़ती आवाजाही बनी परेशानी, तीन घंटे से जाम में फंसे वाहन

मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर बुधवार को मशीन लेकर जा रहे भारी ट्रेलर का टायर फटने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। ट्रेलर पर हाइड्रोलिक क्रॉलर एक्सकेवेटर (पोकलेन) लदी थी। टायर फटने के बाद ट्रेलर बीच सड़क पर खड़ा हो गया, जिससे सिंगल रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। देखते ही देखते करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार, जाम मुर्धवा से करीब एक किलोमीटर आगे से कटौली मोड़ तक लगा रहा। करीब तीन घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। इससे बस, ट्रक, छोटे मालवाहक और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। कई वाहन चालक घंटों सड़क पर फंसे रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सिंगल रोड होने के बावजूद मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर सड़क पर जगह कम बचती है। ऐसे में किसी भारी वाहन के खराब होने पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया। वाहनों को धीरे-धीरे निकालने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों ने सिंगल रोड पर भारी व ओवरलोड वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने और नियमित जांच कराने की मांग की है।