संवाददाता@विशाल टंडन……

विद्युत वितरण खंड रॉबर्ट्सगंज के अंतर्गत आने वाले सभी उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। अधिशासी अभियंता ओ.पी. गुप्ता ने बताया कि ये कैंप प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक खंडीय एवं उपखंडीय कार्यालयों पर लगाए जा रहे हैं।

कैंपों में उपभोक्ताओं की बिजली बिल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। इसमें बिल संशोधन, मीटर रीडिंग संबंधी त्रुटियों का सुधार, बिल होल्ड, गलत बिलिंग, नाम व पता संशोधन सहित अन्य वाणिज्यिक शिकायतों का समाधान किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि अधिकतम शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

अधिशासी अभियंता ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिल, उपभोक्ता संख्या तथा आवश्यक अभिलेखों के साथ निर्धारित समय पर संबंधित खंडीय अथवा उपखंडीय कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस विशेष अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाएगी।





