संवाददाता@संदीप अग्रहरी…….

ग्राम पंचायत म्योरपुर में बुधवार को ग्राम प्रधान संगीता गणेश जायसवाल की पहल पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। गांव के अलग-अलग हिस्सों में फैले कूड़े-कचरे की सफाई कराई गई और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने की अपील की गई।
ग्राम प्रधान संगीता गणेश जायसवाल ने कहा कि “स्वच्छ गांव ही स्वस्थ समाज की पहचान है।” उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है ताकि हर गली, मोहल्ला और सार्वजनिक स्थल साफ-सुथरा और सुंदर दिखाई दे। उन्होंने ग्रामीणों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के समय ग्राम पंचायत के विकास को लेकर किए गए अधिकांश वादे पूरे किए जा चुके हैं। जो कार्य अभी बाकी हैं, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाएगा ताकि गांव का संतुलित और समग्र विकास हो सके।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से गांव की सफाई व्यवस्था में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। लोगों ने गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की प्रशंसा करते हुए ग्राम प्रधान का आभार व्यक्त किया।





