@जे0 के0…..

Sonbhadra। विश्व नदी दिवस के अवसर पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-BHU), वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में सोनभद्र की छोटी नदी लौवा के पुनरोद्धार की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, लखनऊ द्वारा प्रदेश के चयनित 15 जिला परियोजना अधिकारियों (DPOs) को “एक नदी एक पहल” के तहत अपनी-अपनी नदियों के पुनरोद्धार की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के लिए नामित किया गया था। इसी क्रम में महेंद्र कुमार गौतम, डीपीओ, जिला गंगा समिति सोनभद्र (वन विभाग) ने लौवा नदी की वर्तमान स्थिति, प्रमुख चुनौतियों और उसके पुनरोद्धार के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया।

कार्यक्रम में लौवा नदी के संरक्षण, जल प्रवाह में सुधार, जलग्रहण क्षेत्र के विकास, संरचनात्मक कार्यों तथा सामुदायिक सहभागिता सहित नदी के दीर्घकालिक पुनरोद्धार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
प्रस्तुतीकरण के बाद राज्य जल शक्ति मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी द्वारा डीपीओ महेंद्र कुमार गौतम को सहभागिता एवं प्रस्तुतीकरण के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

लौवा नदी के पुनरोद्धार की यह पहल सोनभद्र की छोटी नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है। “एक नदी एक पहल” के माध्यम से स्थानीय नदियों को पुनर्जीवित करने और उनके जलग्रहण क्षेत्रों को विकसित करने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।