संवाददाता@विशाल टंडन…..
— कुमकुम, बैज और अंगवस्त्र से हुआ सम्मान, 300 से अधिक दादा-दादी व नाना-नानी की मौजूदगी में बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में मंगलवार को ग्रैंड पैरेंट्स डे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिवार ने कुमकुम, बैज और अंगवस्त्र भेंट कर सभी ग्रैंड पैरेंट्स का सम्मान किया तथा बैंड की धुन के साथ मुख्य द्वार से समारोह स्थल तक उनका भव्य स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रार्थना नृत्य, स्वागत गीत, समूह गान, समूह नृत्य सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। ‘से नो टू ओल्ड एज होम’ विषय पर प्रस्तुत लघु नाटिका ने बुजुर्गों के सम्मान और पारिवारिक मूल्यों का प्रभावी संदेश दिया, जिसकी सभी ने सराहना की।प्रधानाचार्य फा. आनन्द कुमार जॉन ने कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके अनुभव और स्नेह से बच्चों के संस्कारों का निर्माण होता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षिका रोशनी के निर्देशन में कराटे का आकर्षक प्रदर्शन भी किया। हेड गर्ल इच्छा प्रवीण ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह का संचालन हेड बॉय उत्पल एवं वाइस कैप्टन (कल्चरल एक्टिविटी) रिद्धिमा ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।





