संवाददाता@वीरेंद्र यादव……
— सैकड़ों ग्रामीणों से संवाद कर पुलिस ने सुनी समस्याएं, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश

ग्राम पंचायत परसवार राजा के तारापुर में थाना शक्तिनगर पुलिस की ओर से नशा मुक्ति एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी रही। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और युवाओं से संवाद करते हुए गांव में मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
कार्यक्रम का नेतृत्व थाना शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय तथा खड़िया बीट प्रभारी उपनिरीक्षक राम बच्चन यादव ने किया। मिशन शक्ति आरक्षी निधि सहित पुलिस टीम ने ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए परिवार, समाज और पुलिस को मिलकर प्रयास करना होगा। गांव में सुलेशन जैसे नशीले पदार्थों के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता को लगातार आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के तहत उनकी सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित जानकारी दी गई। वहीं बच्चों को ‘गुड टच और बैड टच’ के बारे में समझाते हुए किसी भी गलत व्यवहार की स्थिति में अपने माता-पिता अथवा भरोसेमंद व्यक्ति को तत्काल जानकारी देने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे गांव में नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। ग्रामीणों ने भी पुलिस के साथ सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मुकेश सिंह, संजय चंद्रवंशी, कमलेश वर्मा, पंकज कुमार, पप्पू सिंह सहित गांव के संभ्रांत नागरिक, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।