संवाददाता@अनिल कुमार अग्रहरी……

हाथीनाला थाना क्षेत्र के बेलहत्थी ग्राम पंचायत के टोला खरछनवा डोमाडांड स्थित जंगल में रविवार को लापता बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही हाथीनाला पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बेलहत्थी ग्राम पंचायत के खरछनवा डोमाडांड निवासी करीब 62 वर्षीय दौली देवी पुत्री स्व. जगमोहन खरवार अपने मायके में रह रही थीं। परिजनों के मुताबिक वह करीब तीन दिन पूर्व अचानक घर से लापता हो गई थीं। काफी तलाश के बाद भी उनका सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने 24 सितंबर को हाथीनाला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

रविवार दोपहर जंगल में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे की नजर महिला के शव पर पड़ी। उसने इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान दौली देवी के रूप में की। इसके बाद बेलहत्थी के प्रधानपति राजकुमार को घटना की जानकारी दी गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार दौली देवी की शादी पाटी ग्राम पंचायत निवासी अयोध्या प्रसाद खरवार से हुई थी। पति की मृत्यु के बाद वह मायके में रह रही थीं। उनके परिवार में दो भाई बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।