संवाददाता@अनिल अग्रहरी….

डाला, सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के उत्तरी टोला गुरमुरा निवासी एक मजदूर का शव रविवार भोर एंबुलेंस से घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान 56 वर्षीय नन्हकू गोंड पुत्र मोतीलाल गोंड के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित एक क्रेशर प्लांट में हेड मिस्त्री के रूप में काम करते थे।

मृतक के पुत्र रामराज गोंड के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के बाद उनके पिता काम करने के लिए बिलासपुर गए थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे एक एंबुलेंस उनके घर पहुंची, जिसमें नन्हकू गोंड का शव था। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस से आए लोगों ने मौत के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और जल्दबाजी में शव उतारकर वहां से चले गए।
परिजनों के मुताबिक, मृतक की पत्नी मुनिया देवी को 20 हजार रुपये नकद भी दिए गए। शव को देखने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में घटना की जानकारी गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए।

परिजनों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, नन्हकू गोंड की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। परिजनों का कहना है कि उन्हें भी मौत के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
बताया जा रहा है कि मामले की सूचना अभी तक चोपन थाना पुलिस को नहीं दी गई है। ऐसे में मौत के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद ही जांच के माध्यम से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
