मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन….

राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में मेहुड़ी खुर्द-सहिजन संपर्क मार्ग की जर्जर और कीचड़युक्त हालत को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के नेता विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान विवेक सिंह पटेल ने कहा कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। बारिश के बाद मार्ग पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर पालिका अथवा विधायक निधि से जल्द सड़क निर्माण और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की।

स्थानीय महिला उर्मिला देवी ने कहा कि सड़क पर गड्ढों और कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। लोगों ने कहा कि सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा अपनाया जाएगा।

प्रदर्शन में सीबू, रवि, संगीता, गुड़िया, संतोष देवी, फूल कुमारी, फूल देवी, विमला देवी, चिंता, रीना देवी, राजेंद्र, पप्पू पासवान, मीरा देवी, कल्पना, दुर्गावती देवी, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

