@जे0 के0….

Sonbhadra। घोरावल थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने विभिन्न मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

थाना दिवस में भूमि विवाद, राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित मामलों को लेकर फरियादी पहुंचे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और नियमानुसार प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

डीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर भूमि विवाद समेत अन्य मामलों का निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और शिकायतकर्ताओं को निर्धारित समय सीमा में राहत मिलनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों को थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेने पर जोर दिया।
