संवाददाता@कामेश्वर विश्वकर्मा……

जुगैल थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत शनिवार को भरहरी तिराहे से की गई।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को जुगैल क्षेत्र की एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 13 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत के मुताबिक घटना अप्रैल महीने की है। आरोप है कि नाबालिग के घर में अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई, जब नाबालिग के गर्भवती होने और कथित तौर पर गर्भपात की दवा दिए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।

मामले में जुगैल पुलिस ने संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। शनिवार 26 सितंबर 2026 को पुलिस ने वांछित आरोपी राजकुमार उर्फ कुंवरलाल को भरहरी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर की गई।