संवाददाता@रामकेश यादव…..

केकराही क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से सब्जी की खेती प्रभावित होने लगी है। खेतों में पानी जमा होने से मिर्च, टमाटर, गोभी, बैंगन, बोड़ा, परवल, कोहड़ा, लौकी और नेनुआ जैसी सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

केकराही क्षेत्र के पिपरा, जदेरुआ, भरूहा, खराही, भदोही, बहैरा और दिलाही सहित कई गांवों में ऊंची जमीन पर बड़े पैमाने पर सब्जियों की खेती की जाती है। किसान सब्जियां तैयार कर स्थानीय मंडियों में बेचकर अच्छा मुनाफा कमाते हैं। हालांकि लगातार बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेरना शुरू कर दिया है।

किसानों के मुताबिक खेतों में नमी और पानी के जमाव से मिर्च के पौधों में रोग लगने लगा है, जिससे पौधों की स्थिति खराब हो रही है। वहीं कई जगह टमाटर की पौध तैयार कर खेतों में लगाई जा रही है, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहा तो पौधों के गलने की आशंका है।

किसान राधेश्याम पटेल, मुन्ना, अरविंद कुमार और मनोज कुमार समेत अन्य किसानों ने बताया कि यदि बारिश जल्द नहीं रुकी तो बची हुई फसल भी बर्बाद हो सकती है। किसानों का कहना है कि ऐसी स्थिति में मुनाफा कमाना तो दूर, खेती में लगी लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।

वहीं दूसरी ओर धान की खेती करने वाले किसानों के लिए मौजूदा बारिश राहत लेकर आई है। धान की फसल के लिए बारिश को किसान ‘सोने पर सुहागा’ मान रहे हैं। हालांकि सब्जी उत्पादक किसानों के लिए लगातार बारिश परेशानी का कारण बन गई है।
