पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर आठ स्थित सिविल लाइन सड़क पर जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन मरम्मत के बाद बना गड्ढा राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन की लीकेज ठीक करने के बाद गड्ढे की समुचित भराई नहीं कराई गई। लगातार बारिश के चलते मिट्टी धंसने से गड्ढे में पानी भर गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय निवासी पिंटू सिंह ने बताया कि पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत के बाद सड़क पर बने गड्ढे को पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया गया। वहीं गुड्डू खान ने बताया कि मरम्मत के बाद गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे ढक दिया गया था, लेकिन बारिश के कारण मिट्टी धंस गई और गड्ढे में पानी भर गया।पानी भरने से गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात और बारिश के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।

संतोष मौर्य, गुड्डू शर्मा, बिन्नू पाठक और श्याम शर्मा समेत अन्य लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते गड्ढे को ठीक नहीं कराया गया तो किसी बड़े हादसे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।इस संबंध में जल जीवन मिशन के जेई आशीष यादव से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

