मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

लायंस क्लब राबर्ट्सगंज की ओर से प्रत्येक माह की 26 तारीख को लायंस भवन में आयोजित होने वाले नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में शनिवार को बड़ी संख्या में मरीजों की जांच की गई। शिविर का आयोजन श्री सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट के सहयोग से किया गया।

शिविर में जांच के बाद मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए 41 मरीजों को चित्रकूट भेजा गया। मरीजों को मैनेजर हेमराज यादव, डॉ. श्याम द्विवेदी, कुंवर सिंह यादव, राजेंद्र कुमार और टीम के नेतृत्व में रवाना किया गया। वहीं 184 मरीजों को जांच के बाद नि:शुल्क चश्मा और दवा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान के तहत करीब 200 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।डिस्ट्रिक्ट आई चेयरपर्सन किशोरी सिंह, अध्यक्ष अजीत सिंह भंडारी, पूर्व मंडलाध्यक्ष हरीश अग्रवाल, दया सिंह, विमल अग्रवाल, राधिका सिंह और पवन जैन समेत क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

क्लब पदाधिकारियों किशोरी सिंह, अजीत सिंह भंडारी और हरीश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि लायंस क्लब की ओर से यह सेवा कार्य कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है। उनके अनुसार 26 अगस्त 2026 तक 4,352 मरीजों के मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन कराए जा चुके हैं, जबकि 9,528 मरीजों की नेत्र जांच की जा चुकी है। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर के माध्यम से अब तक कराए गए ऑपरेशन सफल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क नेत्र जांच, चश्मा, दवा और मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराना क्लब के सेवा कार्यों का प्रमुख हिस्सा है। क्लब की ओर से भविष्य में भी इस तरह के सेवा शिविर जारी रखने की बात कही गई।
