@जे0 के0…..

Sonbhadra। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने व्यय अनुवीक्षण से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए जिला स्तरीय जाँच एवं अपीलीय समिति का गठन किया है। जनपद में निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी, जबकि मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा।

समिति में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी को अध्यक्ष तथा वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह और वित्त एवं लेखाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय अजय कुमार यादव को सदस्य बनाया गया है।

समिति व्यय अनुवीक्षण टीमों द्वारा जब्त की गई नकदी एवं सामग्री के मामलों की जाँच करेगी। यदि किसी मामले में निर्धारित प्रक्रिया के तहत एफआईआर या शिकायत दर्ज नहीं है और जब्त धनराशि अथवा सामग्री का संबंध किसी प्रत्याशी या राजनीतिक दल से नहीं पाया जाता है, तो समिति स्पीकिंग आदेश जारी कर उसे मुक्त करने का आदेश दे सकेगी।
जब्ती और रिलीज से संबंधित सभी मामलों का क्रमांकित एवं तिथिवार रजिस्टर रखा जाएगा। ₹10 लाख से अधिक की राशि को रिलीज करने से पहले संबंधित आयकर अधिकारी को सूचना देना अनिवार्य होगा। बिना एफआईआर या शिकायत वाले मामलों को मतदान के बाद सात दिनों से अधिक लंबित नहीं रखा जाएगा।

निर्वाचन संबंधी दैनिक व्यय रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजने के लिए EEMS सॉफ्टवेयर का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।