@जे0 के0……

Sonbhadra। जिले में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की सतर्कता से एक बाल विवाह समय रहते रोक दिया गया। ग्राम नौडिहा, थाना कोन में नाबालिग लड़का और लड़की के विवाह की सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह के निर्देशन में गठित टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। वन स्टॉप सेंटर, सोनभद्र की केस वर्कर अनुराधा जायसवाल एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर रविन्द्र ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों को संरक्षण में लिया। जांच के दौरान दोनों की आयु नाबालिग पाई गई।

बाल कल्याण समिति (CWC) के निर्देश पर बालिका को रात्रि संरक्षण के लिए बाल गृह (बालिका) में आवासित कराया गया, जबकि बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन के अस्थायी संरक्षण में रखा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
चाइल्ड हेल्पलाइन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह, बाल शोषण या बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तत्काल 1098 हेल्पलाइन पर सूचना दें। हेल्पलाइन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और अन्य विवरण पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे।






