@विशाल टंडन/@सतीश कुमार……

दिल्ली में छात्र आंदोलन और कथित पेपर लीक प्रकरण के विरोध के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद शनिवार को सोनभद्र मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर पालिका कार्यालय परिसर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कुछ देर मौन रखकर आंदोलन के दौरान प्रभावित छात्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गौड़ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देशभर के करोड़ों छात्रों और युवाओं के लंबे संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से आंदोलन में शामिल सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी आवाज आखिरकार सरकार तक पहुंची।

जिलाध्यक्ष ने आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई से प्रभावित एवं पीड़ित छात्रों के परिवारों को ₹1-1 करोड़ का मुआवजा देने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि जिन छात्रों और परिवारों को आंदोलन के दौरान नुकसान पहुंचा है, उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

वहीं, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राहुल जैन ने कहा कि इस आंदोलन की सफलता का सबसे बड़ा श्रेय लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते रहे, जिसके परिणामस्वरूप सरकार पर दबाव बना और अंततः शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।





