@विशाल टंडन/@सतीश कुमार……
— पेपर लीक व भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग

युवाओं के हितों की रक्षा, परीक्षा एवं भर्ती व्यवस्था में सुधार और हालिया छात्र आंदोलनों के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता रॉबर्ट्सगंज नगर के चंडी तिराहे पर एकत्र हुए और पैदल मार्च करते हुए स्वर्ण जयंती चौक, उरमोरा व छपका होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
यहां राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने कहा कि युवा शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और रोजगार के अवसरों को लेकर गंभीर चिंताओं से जूझ रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए इस्तीफा लेने अथवा उन्हें पद से हटाने की मांग की गई। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष संदीप बौद्ध ने 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक अथवा स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा घायल छात्रों को चिकित्सा सहायता और मुआवजा देने की मांग उठाई। ज्ञापन में परीक्षा शुल्क समाप्त करने, अभ्यर्थियों को गृह अथवा निकटवर्ती जनपद में परीक्षा केंद्र देने, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती, उत्तर पुस्तिका व उत्तर कुंजी उपलब्ध कराने तथा नॉर्मलाइजेशन प्रणाली की समीक्षा अथवा समाप्ति की मांग भी की गई।

इस अवसर पर अरुण कुमार, डॉ. ऋषि राज, डॉ. सुरेंद्र, चंद्रशेखर, राहुल, संजय सिंह, अमित रंजन, रविंद्र बहादुर सिंह, अरशद जमाल, जिला संयोजक संदीप कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन देने के दौरान ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ताओं में जोश एवं उत्साह बढ़ गया और सभी भारत माता की जय के लगाने लगे।
दोनों जिलाध्यक्षों ने इसे छात्रों की जीत बताया और कहा कि आजाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी द्वारा पूरे प्रदेश में चल रहे प्रदर्शन का यह नतीजा रहा।






