संवाददाता@विजय अग्रहरी…

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के धौराकुंड गांव निवासी एक युवक की महाराष्ट्र के नासिक जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शाम 4 बजे शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

धौराकुंड निवासी बिजेंद्र यादव (27) पुत्र रामविलास यादव महाराष्ट्र के नासिक जिले में अपने बड़े भाई राजेंद्र यादव के साथ तबेले में काम करता था। परिजनों के मुताबिक बुधवार रात काम से लौटने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान भोर में उसकी मौत हो गई।

मौत की परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने संदिग्धता जताई। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नासिक के सरकारी अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को गांव लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

परिजनों ने बताया कि बिजेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। करीब तीन वर्ष पहले उसका विवाह हुआ था। उसके दो वर्षीय एक पुत्र है।
