मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से संचालित योजनाओं में प्रशिक्षण एवं टूलकिट प्रदान करने के लिए आवेदकों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत कालीन हस्तशिल्पियों, उद्यमियों एवं कारीगरों के चयन के लिए 26 सितंबर को साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत बुनकर, मोची, राजमिस्त्री एवं कुम्हार ट्रेड के आवेदकों का भी साक्षात्कार इसी दिन होगा। दोनों योजनाओं के लिए 26 सितंबर को प्रातः 11 बजे जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, सोनभद्र में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि ओडीओपी योजना के तहत एक अप्रैल 2026 के बाद से 25 सितंबर 2026 तक पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के सापेक्ष चयन किया जाएगा। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में एक अप्रैल 2026 के बाद पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों में से 25 सितंबर तक प्राप्त आवेदनों को चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया है। सभी संबंधित आवेदकों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं अनुभव प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज दो प्रतियों में लाने को कहा गया है। इसमें एक प्रति मूल तथा दूसरी छायाप्रति होगी। अधिकारियों ने सभी पात्र आवेदकों से समय पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल होने की अपील की है।
