@जे0 के0……
— अल्ट्राटेक के सीएसआर फंड से विजयगढ़ किला, शिवद्वार एवं प्रमुख स्थलों पर होगी निगरानी व्यवस्था सुदृढ़

Sonbhadra। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने अल्ट्राटेक के कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर 95 सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रस्ताव के अनुसार कैमरे थाना रामपुर बरकोनिया, पन्नूगंज, रॉबर्ट्सगंज, शाहगंज एवं घोरावल क्षेत्र के चिन्हित स्थलों पर लगाए जाएंगे। विशेष रूप से विजयगढ़ किला एवं रामसरोवर परिसर में 25 तथा शिवद्वार मंदिर तिराहा पर 6 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर आवश्यकता के अनुरूप अन्य कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे।

सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाएगी। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में यह व्यवस्था अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

प्रशासन का उद्देश्य है कि आधुनिक तकनीक आधारित यह निगरानी व्यवस्था श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





