संवाददाता@विशाल टंडन….

जंतर-मंतर, नई दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सोनभद्र जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया के नेतृत्व में राष्ट्रपति एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक का समर्थन एवं 20 जुलाई 2026 को छात्र-समर्थकों पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग की कड़ी निंदा की गई। जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है।

ज्ञापन में नीट सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं पर जवाबदेही तय करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, एनटीए को भंग करने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को वापस लेने की मांग की गई। इसके अलावा 20 जुलाई की घटना की सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, घायलों का सरकारी खर्च पर पूर्ण इलाज कराने और प्रत्येक घायल को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई।
पार्टी ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार को सुनिश्चित करने की भी मांग की। इस अवसर पर प्रदेश सचिव राम सिंह पोया, जिला संगठन सचिव हीरालाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमर सिंह मरकाम, देव सिंह उइके, एडवोकेट सुखदेव सिंह पोया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






