संवाददाता@विशाल पांडेय…..
— यात्री शेड को पुनर्निर्मित कर पुलिस बूथ के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव, ग्राम पंचायत देगी भूमि

ग्राम पंचायत ऊंचडीह के ऊंचडीह तिराहे पर पुलिस बूथ की स्थापना एवं निर्माण की मांग को लेकर ग्राम प्रधान अर्चना त्रिपाठी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात कर प्रार्थना पत्र सौंपा। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनुपम त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

प्रार्थना पत्र में बताया गया कि ग्राम पंचायत ऊंचडीह मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ऊंचडीह तिराहा रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग का महत्वपूर्ण और अत्यधिक व्यस्त स्थान है। यह तिराहा कई ग्राम पंचायतों को जोड़ता है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों एवं वाहनों का आवागमन होता है।

ऐसे में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित उपलब्धता के लिए पुलिस बूथ की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। ग्राम प्रधान ने बताया कि तिराहे पर पूर्व में बने यात्री शेड का यात्रियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है और वह असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है।

ऐसे में यात्री शेड का पुनर्निर्माण कर उसे पुलिस बूथ के रूप में विकसित किया जा सकता है। ग्राम पंचायत ने पुलिस विभाग के उपयोग के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार निर्माण में सहयोग की सहमति जताई है। अधिकारियों से पुलिस बूथ निर्माण के लिए सहमति एवं आवश्यक निर्देश प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।





