@जे0 के0…….
— डीएम से त्रिस्तरीय जांच समिति गठित कर कार्रवाई की मांग

Sonbhadra। विकास खंड चतरा की ग्राम पंचायत खडुई की ग्राम प्रधान मीरा देवी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर प्रधानपति, ग्राम पंचायत अधिकारी और कंप्यूटर ऑपरेटर पर ग्राम पंचायत निधि के दुरुपयोग तथा फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान मीरा देवी ने आरोप लगाया है कि पिछले तीन वर्षों से उनके पति, ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप कुमार की कथित मिलीभगत से उनकी अनुमति और हस्ताक्षर के बिना फर्जी कार्य दिखाकर सरकारी धन का भुगतान कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत के कार्यों में उनकी अधिकारिक भूमिका की अनदेखी की गई और बिना सहमति के भुगतान किए जाते रहे।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रधान का डोंगल और संबंधित डिजिटल माध्यम अन्य लोगों के पास रहते हैं, जिनके जरिए मनमाने तरीके से विभिन्न फर्मों के माध्यम से धनराशि निकाली गई। ग्राम प्रधान का आरोप है कि उन्हें ग्राम पंचायत की बैठकों में भी शामिल नहीं किया गया और उनके अधिकारों का उल्लंघन किया गया।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्राथमिक विद्यालय खडुई और सोनवट में फर्जी उपस्थिति दर्ज कराकर कन्वर्जन मद सहित अन्य योजनाओं की धनराशि का भी दुरुपयोग किया गया। उन्होंने मनरेगा कार्यों, फर्जी हस्ताक्षरों, फर्मों को किए गए भुगतान और अन्य वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच के लिए त्रिस्तरीय समिति गठित करने तथा सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।





