संवाददाता@विशाल टंडन……
— दोषियों पर कठोर कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की उठाई मांग

नीट (NEET) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) ने राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विद्यार्थियों के हित में कड़े कदम उठाने की मांग की गई। संतोष कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थी वर्षों की मेहनत और माता-पिता के त्याग के बाद अपने भविष्य का सपना देखते हैं।
पेपर लीक जैसी घटनाओं से न केवल विद्यार्थियों की मेहनत प्रभावित होती है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास भी कमजोर होता है। मोर्चा ने नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र विशेष जांच समिति (एसआईटी) से कराने की मांग की। ज्ञापन में पेपर लीक में शामिल दोषियों, अधिकारियों, परीक्षा माफिया और उनके सहयोगियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, संपत्ति जब्ती और मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष न्यायालय गठित करने की मांग की गई।

इसके अलावा पेपर लीक से प्रभावित विद्यार्थियों के लिए बिना अतिरिक्त आर्थिक भार के पुनर्परीक्षा कराने, परीक्षा सुरक्षा के लिए स्थायी राष्ट्रीय तंत्र बनाने और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए नि:शुल्क परामर्श केंद्र स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।
मोर्चा ने प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों पर कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर मदन मोहन मिश्रा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भानु तिवारी, कृष्ण भूषण पांडेय, शिवा मिश्रा, अविनाश पांडेय, शिव प्रकाश पांडेय, आलोक मिश्रा, दीपक मिश्रा, प्रभात पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






