मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के आह्वान पर गुरुवार को जिला मुख्यालय पर संपूर्ण भागीदारी आंदोलन के तहत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी गेट से धरना प्रदर्शन स्थल तक पैदल मार्च किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित 24 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।

ज्ञापन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों के लिए सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की गई। पार्टी ने आरक्षित वर्गों के रिक्त और बैकलॉग पदों को भरने, लोकसभा व विधानसभाओं में ओबीसी को प्रभावी राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने, जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने तथा उच्च न्यायपालिका में एससी, एसटी और ओबीसी की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग रखी।
इसके अलावा महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, पदोन्नति में आरक्षण, निजी क्षेत्र में प्रतिनिधित्व, मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने और सरकारी ठेकों व खरीद में आरक्षण का लाभ देने की मांग की गई। सफाईकर्मियों की स्थायी नियुक्ति, सीवर सफाई में मानव प्रवेश रोकने तथा सफाई के दौरान मृत्यु होने पर परिवार को मुआवजा और रोजगार देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

ज्ञापन में 2 अप्रैल 2018 के आंदोलन से संबंधित मुकदमों की वापसी, छात्रावासों के निर्माण, छात्रवृत्ति व्यवस्था तथा अल्पसंख्यक धार्मिक स्थलों से संबंधित कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग भी उठाई गई।

इस दौरान भीम आर्मी जिला संयोजक संदीप कुमार, जिला प्रभारी एडवोकेट रविशंकर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल राव, विनोद कुमार, अमरेश, कमलेश, संतोष, दिनेश मास्टर, सोनू निगम, अरुण कुमार समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
