संवाददाता@रामबली मिश्रा…
— दीपावली पर आयोजित भव्य मेले में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित स्थानीय श्रद्धालुओं ने किया दर्शन-पूजन

बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धरतीडांड स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी पर दीपावली के अवसर पर लगने वाले प्रसिद्ध हनुमान मंदिर मेले में अंतरराज्यीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घने जंगल के बीच ऊंची पहाड़ी पर स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने फल, फूल, नारियल, रोट और हलुआ चढ़ाकर बजरंगबली का पूजन किया तथा परिवार, समाज और देश के कल्याण की कामना की।
प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर समिति की ओर से भव्य मेले का आयोजन किया गया। मंदिर की स्थापना के बाद धीरे-धीरे इसका भव्य निर्माण कराया जा रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी विनय कुमार साहनी, प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, बभनी एवं दुद्धी पुलिस के साथ भारी संख्या में पीएसी और पुलिस बल तैनात रहा।

मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा निगरानी के लिए विशेष पंडाल बनाया गया था, जहां ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से मेले की निगरानी की जा रही थी। वहीं, जगह-जगह स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। दर्शनार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बकरिहवा-नाधीरा मार्ग के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था। मेला समाप्त होने के बाद यातायात बहाल किया जाएगा।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि सच्चे मन से हनुमान जी के दरबार में शीश नवाकर मन्नत मांगने वाले भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर के प्रति लोगों की गहरी आस्था का प्रमाण है।
मेले को सकुशल संपन्न कराने में मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, अजय सिंह, मान सिंह, संजय धुर्वे, शिव कुमार सिंह, संजय द्विवेदी सहित समिति के अन्य सक्रिय सदस्य पूरे मनोयोग से जुटे रहे।