संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
रेनुकूट से घर लौटते समय कटबंधवा मोड़ के पास हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम

मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर कटबंधवा मोड़ के समीप शनिवार की रात करीब 8 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान देवानंद पुत्र साधुराम यादव (28), निवासी नगराज (पिंडारी), थाना बीजपुर के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, देवानंद गांव के ही एक व्यक्ति को स्कूटी खरीदवाने के लिए रेनुकूट गया था। स्कूटी खरीदने के बाद वह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान कटबंधवा मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की जान चली गई।
सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।