संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और खुशियों भरा बनाने के लिए म्योरपुर पुलिस ने क्षेत्रवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने लोगों से पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है, इसे उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और उनके साथ किसी बड़े व्यक्ति का रहना जरूरी है।

उन्होंने लोगों को ज्वलनशील पदार्थों, पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के आसपास आतिशबाजी नहीं करने की सलाह दी। पटाखे जलाते समय पानी और बालू की व्यवस्था रखें तथा फटे या अधजले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें।

थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने का आग्रह किया।