संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव निवासी 55 वर्षीय संतोष पटारी का शव शुक्रवार को जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वह गुरुवार सुबह लकड़ी काटने के लिए जंगल गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार, संतोष पटारी पुत्र कालिका प्रसाद, उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी किरवानी, थाना म्योरपुर, छह नवंबर की सुबह करीब 10 बजे लकड़ी काटने जंगल गए थे। घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने जंगल में उनकी खोजबीन की। इस दौरान उनका शव जंगल में मृत अवस्था में मिला। इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही म्योरपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से एक कुल्हाड़ी और लकड़ी का बंडल बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शरीर पर कीड़ों के काटने के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर थानाध्यक्ष म्योरपुर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।