संवादाता@अमिताभ मिश्रा….

नगर पंचायत पिपरी स्थित उप जिलाधिकारी दुद्धी के न्यायालय कक्ष की जर्जर छत गुरुवार को अचानक भरभराकर गिर गई। छत में लगी भारी लकड़ी की बल्ली और शीट टूटकर सीधे न्यायालय की मुख्य मेज पर जा गिरी। घटना के समय न्यायालय कक्ष में किसी के मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। न्यायालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर अब वादकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

गौरतलब है कि पिपरी स्थित इस न्यायालय में प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक कोर्ट का संचालन होता है। इसमें बड़ी संख्या में वादकारी, अधिवक्ता और न्यायालय कर्मी पहुंचते हैं। ऐसे में साप्ताहिक कोर्ट से ठीक एक दिन पहले छत का हिस्सा गिरने की घटना ने भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि घटना के समय कक्ष में न्यायिक कार्य चल रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बताया गया कि न्यायालय भवन की दयनीय स्थिति को देखते हुए कार्यालय उप जिलाधिकारी, दुद्धी की ओर से पूर्व में ही संबंधित स्तर पर पत्राचार कर भवन के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत की मांग की जा चुकी है। सीएसआर निधि के माध्यम से न्यायालय संचालन कक्ष, पीठासीन अधिकारी कक्ष, अभिलेख कक्ष के साथ ही जनसामान्य और महिलाओं के लिए शौचालय आदि की व्यवस्था कराने का अनुरोध भी किया गया था।

छत गिरने के बाद भवन की जर्जर स्थिति एक बार फिर सामने आ गई है। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायिक कार्य में आने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए भवन की तत्काल मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसी अनहोनी की आशंका न रहे और न्यायिक कार्य भी सुचारू रूप से संचालित हो सके।
