मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा के महिला उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ (Women Grievance Redressal Cell) के तत्वावधान में हाल ही में एक विशेष मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य, पोषण और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में हेल्थ एंड डाइटीशियन एक्सपर्ट राना सोनल सिंह और कोमल मिश्रा को मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, स्वच्छता के तरीकों और इससे जुड़ी झिझक को दूर करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महाविद्यालय की डॉ. वैशाली शुक्ला और डॉ. संघमित्रा ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एक पौष्टिक आहार छात्राओं की शारीरिक और मानसिक ऊर्जा को बनाए रखने में मददगार साबित होता हैl

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती अंजलि मिश्रा ने योग और वर्कआउट के विभिन्न आसनों के बारे में बताया। उन्होंने नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम करने और योग को अपनी दैनिकचर्या का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी ताकि शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर रखा जा सके।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी वक्ताओं ने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
