मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

कम मानदेय में ऑनलाइन कार्य करने में आ रही दिक्कतों को लेकर नगवां विकासखंड की समूह सखियों ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाने के साथ कार्य के लिए एंड्राइड मोबाइल और हर माह रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

समूह सखियों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में प्रतिमाह महज 2,000 रुपये मानदेय मिलता है। उनका कहना है कि इस राशि में मोबाइल खरीदना और इंटरनेट रिचार्ज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। जबकि समूह सखियों से संबंधित आजीविका एवं अन्य कार्यों में ऑनलाइन माध्यम का इस्तेमाल लगातार बढ़ा है। विभिन्न जानकारियां दर्ज करने, ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने और संबंधित कार्यों के लिए एंड्राइड मोबाइल की आवश्यकता पड़ती है।
उन्होंने बताया कि स्मार्टफोन की कीमत और नियमित इंटरनेट रिचार्ज का खर्च कम मानदेय की तुलना में अधिक है। ऐसे में निजी संसाधनों से मोबाइल और इंटरनेट की व्यवस्था करना उनके लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से समूह सखियों ने मानदेय में वृद्धि करने, प्रत्येक समूह सखी को एंड्राइड मोबाइल उपलब्ध कराने तथा हर माह मोबाइल रिचार्ज की व्यवस्था किए जाने की मांग की। इस दौरान काफी संख्या में समूह सखियां मौजूद रहीं।

