संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय……
— बरसात में बढ़ रही सांप निकलने की घटनाएं, एक सप्ताह में 40 से 50 रेस्क्यू

बरसात का मौसम शुरू होते ही चोपन क्षेत्र में सांप निकलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार को विकास खंड चोपन परिसर स्थित एक गोदाम में विशालकाय धामीन प्रजाति का सांप निकल आने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखते ही कर्मचारी गोदाम से बाहर निकल आए और इसकी सूचना स्थानीय स्नेक रेस्क्यूअर विकास अग्रहरि को दी गई।
सूचना मिलते ही विकास अग्रहरि मौके पर पहुंचे और गोदाम के भीतर पहुंचकर सांप की तलाश शुरू की। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उन्होंने सावधानीपूर्वक धामीन सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पूरे अभियान को देखते रहे। सांप को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

जिससे न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचा और न ही वन्यजीव को कोई क्षति हुई। स्नेक रेस्क्यूअर विकास अग्रहरि ने बताया कि बरसात के दौरान बिलों में पानी भर जाने से सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों, कार्यालयों, गोदामों और अन्य भवनों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में ही चोपन क्षेत्र से लगभग 40 से 50 सांपों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है। अधिकांश मामलों में समय पर सूचना मिलने से सांपों को सुरक्षित बचाया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। साथ ही बरसात के मौसम में घरों के आसपास की झाड़ियों की नियमित सफाई करें, अनावश्यक सामान का ढेर न लगाएं तथा बच्चों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक करें। समय रहते सावधानी बरतने से सर्पदंश जैसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से बचा जा सकता है।





