मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक क्षेत्र के जैत गांव में अंबेडकर स्थल से कुछ दूरी दक्षिण दिशा की ओर बस्ती में जाने वाले रास्ते पर इंटरलाकिंग खड़ंजे के ऊपर कीचड़युक्त मिट्टी जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्राम पंचायत की ओर से मार्ग पर इंटरलाकिंग कराई गई है, लेकिन साफ-सफाई के अभाव में उस पर मिट्टी और कीचड़ जमा हो गया है। बारिश होने पर यही मिट्टी गीली होकर रास्ते को और अधिक परेशानी वाला बना देती है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती के बावजूद गलियों, स्कूलों और मंदिरों के आसपास नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि यदि संबंधित विभाग समस्या को गंभीरता से लेते हुए रास्ते की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करा दे तो काफी हद तक समस्या दूर हो सकती है।

ग्रामीण अमृत लाल, श्यामलाल, बाबूलाल, राजू और तेजबली आदि ने इंटरलाकिंग मार्ग से कीचड़युक्त मिट्टी हटाने और बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश ने बताया कि मुख्य मार्ग से यह रास्ता नीचे होने के कारण बारिश के पानी के साथ आसपास की कीचड़ यहां जमा हो गई है। उन्होंने कहा कि कीचड़ सूखने के बाद मार्ग पर गिट्टी-मोरंग डलवाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

