संवाददाता@विशाल टंडन…..
— विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लिए आवेदन शुरू, 11 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद के पारंपरिक कारीगरों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि योजना का उद्देश्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बढ़ई, नाई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची, धोबी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े पात्र कारीगरों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद लाभार्थियों को उनके व्यवसाय के अनुरूप आधुनिक टूलकिट भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

इच्छुक अभ्यर्थी 11 सितंबर 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, आयु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। शिक्षित एवं तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी संबंधित प्रमाण पत्र भी संलग्न कर सकते हैं।

योजना के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा सोनभद्र का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। संबंधित ट्रेड से जुड़े होने का प्रमाण पत्र नगर निकाय अथवा ग्राम प्रधान/वार्ड सदस्य द्वारा जारी होना चाहिए। साथ ही ₹10 के स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत शपथ पत्र देना होगा कि आवेदक अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य ने पूर्व में इस योजना के तहत प्रशिक्षण, टूलकिट या मानदेय का लाभ प्राप्त नहीं किया है।
अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, सोनभद्र में सहायक आयुक्त उद्योग विजय कुमार एवं कृष्ण कुमार से संपर्क किया जा सकता है।





