संवाददाता@अनिल अग्रहरी……

डाला चढ़ाई स्थित बंद खनिज बैरियर के पास शुक्रवार की देर शाम टायर में हवा भरते समय रिम छटकने से 23 वर्षीय मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:50 बजे बंद खनिज बैरियर के समीप संचालित टायर पंचर की दुकान पर एक हाईवा का नया टायर लगाया जा रहा था। दुकान पर कार्यरत आरिफ (23) पुत्र असलम, निवासी डाला चढ़ाई, टायर में हवा भर रहा था। बताया गया कि टायर को दुकान के बाहर जमीन पर रखकर उसमें हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज दबाव के कारण टायर का रिम छटककर आरिफ के शरीर से जा टकराया।

रिम की चपेट में आने से आरिफ के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे ऑटो से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

युवा मिस्त्री की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरिफ मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट : अनिल कुमार अग्रहरी