Last Updated:
Prayagraj Police Transfer: प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. पुलिस कमिश्नर ने चार निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) और दो उप-निरीक्षकों (सब-इंस्पेक्टर) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनके तबादला आदेश जारी किए हैं. इस फेरबदल के तहत नैनी, धूमनगंज और मेजा जैसे महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी बदले गए हैं, वहीं झूंसी थाने की कमान भी नए हाथों में सौंपी गई है. कुछ अधिकारियों को लाइन और सेल से फील्ड में भेजा गया है, तो कुछ को जांच शाखा से जोड़ा गया है.
चार इंस्पेक्टर्स और दो सब इंस्पेक्टर्स के तबादले.
प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है. प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने प्रशासनिक आधार पर चार निरीक्षकों और दो उप-निरीक्षकों के तबादले किए हैं. इस बदलाव के तहत कई महत्वपूर्ण थानों के प्रभारियों को बदला गया है, जिससे महकमे में हलचल मच गई है.
जारी किए गए आदेश के तहत, संगम पर्यटन पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक रहे अविनाश कुमार सिंह को अब महत्वपूर्ण माने जाने वाले थाना नैनी का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है. वहीं, अब तक थाना धूमनगंज की कमान संभाल रहे प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय का स्थानांतरण करते हुए उन्हें प्रभारी निरीक्षक थाना मेजा की जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा, पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत चल रहे इंस्पेक्टर राजीव कुमार बैस पर कमिश्नर ने भरोसा जताया है और उन्हें अपराध के लिहाज से संवेदनशील थाना धूमनगंज का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया है.
अपराध शाखा और सेल स्तर पर भी बदलाव
तबादला सूची के अनुसार, थाना नैनी के प्रभारी निरीक्षक ब्रिज किशोर गौतम को थाने से हटाकर विवेचना सेल, अपराध शाखा में स्थानांतरित किया गया है. अब वे लंबित मामलों की जांच में अपनी सेवाएं देंगे.
सब-इंस्पेक्टर स्तर पर भी दो बड़े बदलाव किए गए हैं. पासपोर्ट सेल के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह को नई जिम्मेदारी देते हुए थानाध्यक्ष झूंसी बनाया गया है. वहीं, झूंसी के थानाध्यक्ष रहे सब-इंस्पेक्टर महेश मिश्रा को थाने से हटाकर प्रभारी पासपोर्ट सेल की कमान सौंपी गई है.
कानून-व्यवस्था को गति देने की कवायद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम शहर में विधि-व्यवस्था को बेहतर करने और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी व त्वरित बनाने के लिए उठाया गया है. नव-नियुक्त सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने संबंधित थानों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और क्षेत्र में गश्त व अपराध नियंत्रण तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
