संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…….

रेणुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के चाचा कॉलोनी में बुधवार की भोर एक किराना दुकान को निशाना बनाकर चोर ने हजारों रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दुकानदार रामप्रवेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार की सुबह करीब चार बजे एक अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधकर उनकी दुकान के ऊपर लगी एस्बेस्टस शीट तोड़कर अंदर घुस गया। चोर ने दुकान में रखे करीब 6 से 7 हजार रुपये नकद के साथ कुछ अन्य सामान भी चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो एस्बेस्टस शीट टूटी हुई देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, जिसमें चेहरा ढके एक व्यक्ति को दुकान में घुसकर चोरी करते हुए देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चाचा कॉलोनी में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।





