संवाददाता@अनिल अग्रहरी…

चोपन थाना क्षेत्र के डाला बाड़ी स्थित पहिला मोड़ में गुरुवार को एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाला बाड़ी पहिला मोड़ निवासी बाबूलाल के 24 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार निषाद ने गुरुवार अपराह्न लगभग 3:15 बजे अपने ही घर की छत पर बाउंड्रु से निकले पाइप में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक घर पर ही था। जब परिजनों को इसकी भनक लगी तो वे आनन-फानन में छत पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवक की मौत हो चुकी थी।

युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग युवक द्वारा उठाए गए इस कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।