@जे0 के0/@विशाल टंडन….
— रामसरोवर तालाब पर बीजेपी की ओर से देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भव्य दीपोत्सव का किया गया था आयोजन

Sonbhadra । रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह के पास रामसरोवर तालाब में गुरुवार शाम एक युवक के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में युवक की तलाश शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार हमीद नगर निवासी आरिफ उर्फ पाशा (30) पुत्र वाजिद अहमद गुरुवार शाम करीब चार बजे रामसरोवर तालाब के पास पहुंचा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह तालाब की सीढ़ियों के पास खड़ा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से पानी में गिर गया। हालांकि युवक किन परिस्थितियों में तालाब में गिरा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल कुमार, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से युवक की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने भी तलाश अभियान शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इन दिनों तालाब में पानी अधिक है। लोगों का आरोप है कि तालाब के किनारे पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जाली या बाउंड्रीवाल नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से तालाब के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम युवक की तलाश में जुटी थी। युवक के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।

यहां आपको बता दें कि राम सरोवर तालाब पर शाम को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भव्य आशीर्वाद दीपोत्सव के कार्यक्रम होने की चर्चा थी लेकिन हादसे की घटना ने कार्यक्रम पर ब्रेक लगा दिया है।