संवाददाता@आनंद गुप्ता…
सीओ दुद्धी ने बाजार, ज्वेलरी दुकानों और गलियों का किया मुआयना, दुकानदारों को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश

आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार देर शाम करीब छह बजे क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने विंढमगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया।

सीओ ने मां काली मंदिर तिराहा, बैंक रोड, सब्जी मंडी, ज्वेलरी की दुकानों सहित आसपास की गलियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिल सके।

उन्होंने दुकानदारों से दुकान में अधिक मात्रा में नकदी नहीं रखने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि बड़ी रकम बैंक में जमा करनी हो तो दिन के उजाले में स्थानीय पुलिस का सहयोग लेकर सुरक्षित तरीके से बैंक तक पहुंचाएं।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने बाजार की गलियों में ऊपर लगाए गए तिरपाल और प्लास्टिक को हटाने के भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है, ऐसे में किसी भी तरह की चोरी, छिनैती या आगजनी जैसी घटना से बचाव के लिए दुकानदारों और आम नागरिकों को भी सतर्क रहना जरूरी है।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की तत्काल सूचना स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। निरीक्षण के दौरान थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा समेत पुलिस बल मौजूद रहा।