ब्यूरो@जे0 के0……

Sonbhadra । जनपद में यातायात जागरूकता माह नवंबर-2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ रामलीला मैदान, रॉबर्ट्सगंज में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने राज्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही किसी व्यक्ति के जीवन पर भारी पड़ सकती है।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं आमजन को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वयं नियमों का पालन करने तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ ने हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सुधीर कुमार सिंह, एआरटीओ, यातायात प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सोनभद्र पुलिस ने अपील की कि यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए करें।