मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..बारिश में क्षतिग्रस्त हुई जल जीवन मिशन की पाइपलाइन, कई घरों में अब तक कनेक्शन भी नहीं; समस्या के समाधान की मांग

रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र से सटे ग्राम पंचायत जैत में जल जीवन मिशन की पेयजल व्यवस्था ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। पिछले करीब 20-25 दिनों से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति बाधित है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई मोहल्लों में अभी तक कनेक्शन तक नहीं किया गया है, जबकि जिन घरों में कनेक्शन हो चुके हैं, वहां भी नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है।

ग्रामीण कमलेश यादव ने बताया कि करीब 15-20 दिन पहले बारिश के दौरान गांव में जलभराव हो गया था। पुलिया के पास पानी निकासी बाधित होने पर जेसीबी से खुदाई कर रास्ता बनाया गया, इसी दौरान जल जीवन मिशन की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद से पानी की आपूर्ति ठप हो गई।

रामबाबू ने बताया कि पानी के लिए दूसरे घरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। जहां तक सप्लाई पहुंच रही है, वहां से पानी लाना पड़ता है। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। किशन यादव ने आरोप लगाया कि हेल्पलाइन पर शिकायत करने के साथ कर्मचारियों को कई बार मौखिक सूचना दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि पाइपलाइन बिछाने के बावजूद सभी घरों में कनेक्शन नहीं किए गए। उनका आरोप है कि विभागीय स्तर पर कागजों में काम पूरा दिखाया जाता है, जबकि धरातल पर लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

बाबूलाल, रामसनेही, छांगुर, प्रदीप, रामबली, गणेश, संतोष, रमेश, श्यामलाल, तेजबली, लाल बहादुर, सत्यनारायण, अमृतलाल और नंदलाल समेत ग्रामीणों ने जल्द पाइपलाइन दुरुस्त कर सभी मोहल्लों में पानी उपलब्ध कराने की मांग की।

जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत जैत में करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। कर्मचारियों को प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। जहां पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां जांच कर जल्द आपूर्ति शुरू कराने की कार्रवाई की जाएगी।

