संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित पंजाबी ढाबा के समीप गुरुवार की रात लगभग 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में राशन लेने पैदल जा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में पैदल जा रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पैदल घायल व्यक्ति की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी 46 वर्षीय अब्बास शेख पुत्र फिरोजुल्ला के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग आठ माह से देवरी गांव में रहकर मजदूरी करते थे। वहीं हादसे में घायल बाइक सवार की पहचान 60 वर्षीय केशरी पुत्र लक्ष्मण, निवासी देवरी, के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची म्योरपुर पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





