संवाददाता@विशाल टंडन……
— जनपद में 6 जुलाई से फास्ट फूड उद्यमी का 12 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण, युवाओं से आवेदन की अपील

जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से अग्रणी बैंक इंडियन बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र में 6 जुलाई 2026 से 12 दिवसीय निःशुल्क फास्ट फूड स्टॉल उद्यमी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं।
संस्थान के निदेशक विशाल खन्ना ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की जानकारी, परियोजना रिपोर्ट (प्रोजेक्ट) तैयार करने, बैंक ऋण के लिए आवेदन प्रक्रिया तथा स्वरोजगार स्थापित करने से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से प्रशिक्षित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में बीपीएल एवं एसईसीसी-2011 परिवारों के सदस्य, दिव्यांगजन, एनआरएलएम स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, निराश्रित तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आरसेटी ने जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी आरसेटी कार्यालय में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।
साक्षात्कार के उपरांत चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। ज्यादा जानकारी के लिए आरसेटी कार्यालय, सरकारी आईटीआई के पास, लोढ़ी टोल प्लाजा के पश्चिम, लोढ़ी, सोनभद्र या मोबाइल: 9120984244, 7992133781 पर सम्पर्क कर सकते है।





